भोपाल। शिवराज मंत्रिमंडल में शामिल नहीं करने से भाजपा के वरिष्ठ विधायक और उनके समर्थक नाराज हो गए हैं। इनमें ग्रामीण विधानसभा पाटन से भाजपा के दिग्गज विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई का नाम भी शामिल है। बुधवार को अजय विश्नोई का यह दर्द सोशल मीडिया पर झलक उठा।
अजय विश्नोई ने ट्विटर पर लिखा है कि, ‘पहले मंत्रियों की संख्या और अब विभागों का बंटवारा। मुझे डर है कही भाजपा का आम कार्यकर्ता हमारे नेता की इतनी बेइज्जती से नाराज न हो जाए। नुकसान हो जाएगा।‘
वहीं अजय विश्नोई के इस ट्वीट पर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने ट्वीट करते हुए कहा कि, ‘पहले कांग्रेस का नुक़सान हुआ। अब निश्चित रूप से भाजपा की बारी है। बिलकुल सही अजय भाई।‘
गौरतलब है कि शिवराज मंत्रिमंडल विस्तार के बाद से ही भाजपा में असंतोष का माहौल है। इसी बीच मंत्रियों के विभागों के बंटवारे में हो रही देरी को लेकर भाजपा विपक्ष के निशाने पर है। इस बीच भाजपा के दिग्गज विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने भी इसे लेकर सोशल मीडिया पर तंज कसा हैं।
