दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया जिले में जन्में बॉलीवुड अभिनेता सैय्यद इश्तियाक अहमद जाफरी उर्फ जगदीप का मुंबई में निधन हो गया है। उन्होंने शोले फिल्म में ‘सूरमा भोपाली’ का किरदार निभाया था। इस किरदार से उन्हें प्रसिद्धि मिली। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके निधन पर दुःख जाहिर किया है।
बता दे कि 81 साल के सैय्यद इश्तियाक अहमद जाफरी का जन्म 29 मार्च 1939 को मध्यप्रदेश के दतिया में हुआ था। उन्होंने मुंबई स्थित अपने घर पर अंतिम साँस ली। सैय्यद लंबे समय से बीमारियों से जूझ रहे थे। उन्होंने 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। 1975 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘शोले’ में ‘सूरमा भोपाली’ के किरदार से उन्हें प्रसिद्धि मिली।
उनके निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर दुःख जाहिर किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि, फिल्म ‘अफ़साना’ में बाल कलाकार के रूप में अपने फ़िल्मी कैरियर की शुरुआत कर ‘शोले’, ‘अन्दाज अपना अपना’ समेत 400 से अधिक फ़िल्मों में हमारा दिल जीतने वाले सय्यद इश्तियाक अहमद जाफरी उर्फ जगदीप जी आज हमारे बीच नहीं रहे। बस एक बात कहना चाहूँगा ‘आपका नाम सूरमा भोपाली एसे ही नहीं था’।
