उज्जैन। कानपुर के कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर पर उठ रहे सवालों के बीच उज्जैन के एडिशनल एसपी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एडिशनल एसपी कह रहे हैं कि ‘आई होप ना पहुंचे।’ इस वीडियो के सामने आने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या विकास दुबे का एनकाउंटर पहले ही तय कर लिया गया था।
बता दे कि अभी तक यह पुष्टि नहीं हो पाई हैं कि वह किस बारे में बात कर रहे हैं। लेकिन एक मीडिया चैनल के अनुसार किसी ने एडिशनल एसपी से पूछा कि विकास दुबे कानपुर पहुंचेगा ना? इस पर अधिकारी हंसते हुए जवाब देते हैं कि उम्मीद है कि वह ना पहुंचे। इसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
गौरतलब है कि गुरुवार को आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी गैंगस्टर विकास दुबे को उज्जैन पुलिस ने महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया था। उज्जैन पुलिस ने देर रात विकास दुबे को यूपी एसटीएफ के हवाले कर दिया था। इस बीच आज सुबह कानपुर पहुंचने से पहले विकास दुबे पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। सोशल मीडिया पर एनकाउंटर को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
