ग्वालियर। उत्तरप्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद अब उसको शरण देने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसी के तहत पुलिस ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों पर विकास दुबे के सहयोगियों और 8 पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल आरोपी शिवम दुबे और शशिकांत पांडे को शरण देने के आरोप है। इसके अलावा यूपी एसटीएफ उज्जैन में भी विकास दुबे के सहयोगियों की तलाश करेगी।
ग्वालियर से गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम ओम प्रकाश पांडे और अनिल पांडे है। आरोप है कि इन दोनों ने 8 पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल आरोपी शिवम दुबे और शशिकांत पांडे को अपने घर में छुपाया था। यूपी एसटीएफ ने दोनों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के बाद शनिवार को इन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि इन दोनों के खिलाफ भी कानपुर में भी केस दर्ज है।
गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश का मोस्टवांटेड अपराधी और कानपुर में हुई 8 पुलिसकर्मियों की हत्या का मुख्य आरोपी विकास दुबे पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। उससे उज्जैन से गिरफ्तार किया गया था। उज्जैन से कानपुर ले जाते समय रास्ते में भागने की कोशिश में पुलिस की गोली से उसकी मौत हो गई।
