भोपाल। नया सिस्टम बनने से मध्यप्रदेश में एक बार फिर से मानसून सक्रिय हो गया है। इसके चलते मौसम विभाग ने प्रदेश के 16 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही आने वाले दो दिनों में भी बारिश में बढ़ोत्तरी होने का अनुमान जाहिर किया है।
मौसम विभाग के अनुसार सिवनी, मंडला, बालाघाट, कटनी, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, सीहोर, होशंगाबाद, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, धार, देवास और शाजापुर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
बता दे कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के शहडोल एवं रीवा संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर, जबलपुर एवं उज्जैन संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर, सागर, इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, चंबल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान होशंगाबाद संभाग के जिलों का मौसम शुष्क रहा।
