भोपाल। भोपाल में नाबालिग लड़कियों के साथ यौन शोषण के आरोपी प्यारे मियां को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्यारे मियां को जम्मू कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर से गिरफ्तार किया है। पुलिस अब उसे भोपाल ला रही है। भोपाल साउथ पुलिस अधीक्षक साई थोटा ने प्यारे मियां की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
गौरतलब है रविवार को नाबालिग लड़कियों के साथ यौन शोषण की घटना सामने आने के बाद प्यारे मियां फरार हो गया था। उसके ऊपर भोपाल के शाहपुरा थाने में पॉक्सो एक्ट सहित कई मामले दर्ज है। पुलिस ने प्यारे मियां की जानकारी देने वाले को 30 हजार रुपए का इनाम देने की भी घोषणा की थी।
भोपाल पुलिस को सूचना मिली थी कि प्यारे मियां इस समय श्रीनगर में है। सूचना मिलने के बाद भोपाल पुलिस ने श्रीनगर पुलिस से सम्पर्क किया और उनके सहयोग से उसे गिरफ्तार किया। मामले में कानूनी कार्रवाई के लिए भोपाल पुलिस की टीम श्रीनगर पहुंच चुकी है और आरोपी को लेकर भोपाल आ रही है।
बता दें कि प्यारे मियां पर आरोप है कि वह भोपाल में अखबार चलाने की आड़ में नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण करता था। नाबालिग लड़कियों ने ही उन पर यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। इस केस के सामने आने के बाद प्यारे मियां फरार हो गया था।
