मंडला। बुधवार को मध्यप्रदेश के मंडला में जमीनी विवाद के चलते 6 लोगों की हत्या करने का मामला सामने आया है। साथ ही 2 लोग घायल हो गए हैं। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना मंडला जिले के मनेरी गाँव का है। बुधवार को दो सगे भाई आरोपी हरि सोनी और संतोष सोनी ने तलवार से एक साथ घर और दुकान पर हमला कर दिया। उनके हमले में भाजपा नेता रज्जन सोनी, उनके बेटे, बेटी, समधी सहित 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि आरोपी और मृतक के परिवार के बीच काफी समय से जमीनी विवाद चल रहा था। दिनदहाड़े हुई इस घटना के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों की पहचान की व आरोपियों को गिरफ्तार किया।
