भोपाल। शिवराज मंत्रिमंडल विस्तार के बाद से नाराज चल रहे पूर्व मंत्री और जबलपुर की पाटन सीट से भाजपा विधायक अजय विश्नोई का एक और ट्वीट सुर्ख़ियों में है। उन्होंने ट्वीट कर शिवराज सरकार को घेरा है। अजय विश्नोई के ट्वीट को लेकर कांग्रेस ने भी भाजपा पर हमला बोला है। गौरतलब है कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद से ही अजय विश्नोई नाराज बताए जा रहे हैं।
अजय विश्नोई ने ट्विटर पर लिखा है कि, ‘मुख्यमंत्री शिवराज चिरायु अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। मेरी शुभकामना है, शीघ्र स्वस्थ होकर वापस लौटे। साथ ही माननीय मुख्यमंत्री से अनुरोध है, चिरायु अस्पताल में रहते हुए यह भी देखें कि चिरायु में ऐसा क्या है जो हम नो लिमिट बजट और सतत मॉनिटरिंग के बाद भी प्रदेश के एक भी शासकीय मेडिकल कॉलेज 4 माह में नहीं बना पाए। क्यों प्रदेश के सभी वीआईपी चिरायु की शरण में जाने मजबूर है।‘
अजय विश्नोई के ट्वीट को लेकर कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने तंज कसा है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि, ‘पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने ठीक सवाल उठाया है। क्या कारण है कि सीएम सहित सारे वीआईपी चिरायु में इलाज करवा रहे है, आख़िर वहाँ ऐसा क्या है? क्या कारण है कि 15 वर्ष की भाजपा सरकार में एक भी ऐसा शासकीय अस्पताल नहीं बना, कोरोना से इलाज के लिये एक भी शासकीय मेडिकल अस्पताल तैयार नहीं हुआ?’
