भोपाल। अगर सब कुछ ठीक रहा साल 2024 तक इंदौर और भोपाल में मेट्रो रेल का काम पूरा हो जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने मेट्रो के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। भोपाल व इंदौर में चल रहे मेट्रो काम की समीक्षा के दौरान शिवराज ने अधिकारियों से कहा कि चाहे जो हो, लेकिन दिसंबर 2024 तक इंदौर और भोपाल में मेट्रो रेल का काम पूरा हो जाना चाहिए।
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भोपाल और इंदौर में विधिवत भूमि पूजन करके मेट्रो रेल का काम शुरू किया था। लेकिन सरकार बदलने और कोरोना संकट के कारण काम के गति धीमी हुई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज ने मंत्रालय में समीक्षा बैठक की, जिसमें नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव मनोज गोविल, प्रमुख सचिव नीतिश व्यास सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज ने अधिकारियों से दिसंबर 2024 तक मेट्रो रेल का काम पूरा करने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री शिवराज ने नागपुर का उदाहरण देते हुए कहा है कि नागपुर में मेट्रो का काम कैसे जल्दी हुआ? वहां जाइए अध्ययन करिए। जमीन अधिग्रहण करने की प्रक्रिया फटाफट पूरी करें।
