भोपाल। राजधानी भोपाल में एक 42 वर्षीय एनआईआर महिला को पति द्वारा फ़ोन पर तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। मामले में महिला ने पति के खिलाफ कोहेफिजा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला को न्याय दिलाने की बात कही है।
दरअसल पीड़ित महिला की शादी साल 2001 में नूर महल में रहने वाले फैज आलम अंसारी से हुई थी। दोनों के दो बेटे भी है। 12 जून को आरोपी पति ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शादी के 19 साल बाद महिला को घर से निकाल दिया और फिर फ़ोन पर ही तीन तलाक दे दिया। आरोपी ने दोनों बेटों को अपने पास ही रखा है। फ़िलहाल पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी पति पर केस दर्ज कर लिया है।
वहीँ इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए कहा कि, ‘वर्षों की लड़ाई के बाद हमारी मुस्लिम बहनों के स्वाभिमान और न्याय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने तीन तलाक खत्म करने का कानून बनाया लेकिन अभी भी कुछ निकृष्ट लोग इस कानून से खिलवाड़ कर रहे हैं। भोपाल में आज सुबह एक मुस्लिम बहन ने अपने पति द्वारा मोबाइल पर मैसेज भेजकर ट्रिपल तलाक़ दिए जाने को लेकर एफआईआर दर्ज कराई है। मैं उस बहन को विश्वास दिलाता हूँ कि मध्यप्रदेश पुलिस उन्हें न्याय दिलाने का हरसंभव प्रयास करेगी।
