एक्सपोज़ टुडे, इंदौर। सांवेर से कांग्रेस के प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू अपने तीखे अंदाज़ में मैदान में उतर आए हैं। टिकट की घोषणा से पहले ही गुड्डे ने सिंधिया पर निशाना साधते हुए कहा था तुलसी को नहीं सिंधिया को हराना है। अब उन्होंने भाजपा प्रत्याशी तुलसी सिलावट पर सवालों की घेराबंदी शुरू कर दी है। उपचुनाव में प्रदेश में सिंधिया के कट्टर समर्थक तुलसी सिलावट की सांवेर विधानसभा सीट पर सबकी निगाहें हैं। कांग्रेस से भाजपा में आये तुलसी सिलावट और प्रेमचंद गुड्डू में मुकाबला है। गुड्डू को कांग्रेस के समर्थन के साथ साथ भाजपा के बागी भी साथ दे रहे हैं।
कोरोना में कलश यात्रा निकाल जनता को दिया धोखा
कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू ने कलश यात्रा निकालने वालों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मैं मानता हूं कि श्राद्धपक्ष में जिन्होंने कलश यात्रा निकाली उनका ही श्राद्ध हो जाएगा। अपने राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति के लिए जनता के साथ कोरोना महामारी में खिलवाड़ किया गया। यह बहुत ही शर्मनाक है।
कोरोना शुरू हुआ तब सिलावट बैंगलोर में सरकार गिरा रहे थे
गुड्डे ने सिलावट पर निशाना साधते हुए कहा मार्च में जब कोरोना फैल रहा था तब प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जनता को लावारिस छोड़ कर स्वास्थ मंत्री होकर भी बेंगलुरु जाकर बैठ गए। उनका कोरोना पीड़ितों के प्रति गैर जिम्मेदार रवैया अभी भी बरकरार है। गुड्डू ने कहा कि कलश यात्रा पर कार्रवाई बात अलग है। हम कलश यात्रा का विरोध नहीं कर रहे, लेकिन श्राद्ध पक्ष में ऐसे आयोजन हो रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सांवेर में
पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ 13 सितंबर को सांवेर में उपचुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। सुबह 11.30 बजे ग्राम अर्जुन बरोदा में उनकी आमसभा होगी। इसकी तैयारियां अंतिम दौर में हैं।
