Xpose Today News
इंदौर की रहने वाली महिला का दिनदहाड़े देवास में सिनेमा के बाहर से अपहरण हो गया। इंदौर एमपी 09 नंबर की कार से उसे कुछ लोग मारपीट कर ले गए। जैसे ही इस मामले की जानकारी कोतवाली थाना देवास को लगी पुलिस एक्टिव हुई और कुछ ही घंटों में इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र से युवती की रिकवरी कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक़ घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। आरोपी महिला का इंदौर निवासी पूर्व पति रवि अपने साथी के साथ पहले से घात लगाए बैठा था। जैसे ही महिला अपने मित्र के साथ अभिनव टॉकीज से बाहर निकली, दोनों को रोककर हमला कर दिया। हमले में महिला के मित्र के सिर में चोट आई।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने टीम गठित की। पुलिस ने देर रात दो आरोपियों को इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र से ट्रेस कर गिरफ्तार किया। अपहरण में इस्तेमाल मारुति कार भी जब्त की गई।
देवास कोतवाली थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा ने बताया कि पीड़ित महिला इंदौर की रहने वाली है। वह पति रवि से विवाद के चलते अलग रह रही थी। इन दिनों अपने मित्र चिरायु पाठक (भौंरासा निवासी) के यहां ठहरी हुई थी। घटना वाले दिन वह चिरायु के साथ फिल्म देखने गई थी। तभी पति रवि ने साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया।
पीड़िता ने बताया रवि से उसका विवाह करीब 10 वर्ष पहले हुआ था और उनके दो बच्चे हैं। बेटी महिला के साथ रहती है, जबकि बेटा पति के साथ इंदौर में रहता है। करीब एक साल से दोनों अलग रह रहे हैं। दोनों के बीच मारपीट और पारिवारिक विवाद के चलते मामला कोर्ट में विचाराधीन है।”
“महिला ने बताया कि अलग रहने के बावजूद पति उसके साथ मारपीट करता था और उसके दांत भी तोड़ दिए थे। आरोपी ने शिप्रा में धारदार हथियारों से धमकाया, दोस्त के घर ले जाकर मारपीट की और अश्लील हरकतें भी कीं।”
“पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, अपहरण और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।”
