सागर। सागर जिले के खड़ेराभान गांव में बदमाशों ने फिरौती के लिए 14 साल के नाबालिग का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी है। इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने ट्वीट कर कमलनाथ सरकार पर सवाल उठाए हैं।
गोपाल भार्गव ने ट्विटर पर लिखा है कि, “सागर जिले के खड़ेराभान गांव के कृषक सुरेश लोधी के नाबालिक बेटे देवेंद्र के अपहरण ओर फिर हत्या की घटना दिल दहलाने वाली है। पिछले 1 साल से प्रदेश में बच्चों के अपहरण और फिरौती की घटनाओं में इजाफा हुआ है। गरीब माँ बाप जब फिरौती की रकम नही दे पाते तो मासूमों की हत्या कर दी जाती है।“
वहीँ एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा कि, “सागर जिले के 2 बच्चों का कुछ दिन पहले अपहरण हो गया था, मंगलवार रात को 1 नाबालिक की लाश मिली। शासन और पुलिस प्रशासन के उदासीनता की कीमत कर्ज के बोझ तले किसान को अपने बेटे की मौत से चुकानी पड़ी। कमलनाथ सरकार के 1 साल में ही मध्यप्रदेश बच्चों के अपहरण में अव्वल हो गया है।“
बता दे कि सोमवार की शाम को तीन बदमाशों ने फिरौती के लिए नाबालिग का अपहरण किया था। अपहरण के बाद बदमाशों ने उसके भाई को फोन कर 30 लाख रुपए की फिरौती मांगी। मंगलवार रात को नाबालिग बच्चे का शव उसके घर के पास खेत में मिला। उसकी सिर कुचलकर हत्या की गई है। कॉल डिटेल्स के आधार पर गाँव के आसपास ही रहने वाले तीन लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस उनकी तलाश में है।
