भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश में एसिड (तेजाब) की खुले में बिक्री पर नियंत्रण लगाने और इसके लिए प्रदेश भर में अभियान चलाने के निर्देश दिए है। कमलनाथ ने कहा कि एसिड अटैक की घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इन पर रोक जरुरी है।
कमलनाथ ने ट्विटर पर लिखा है कि, “प्रदेश में ऐसिड ( तेज़ाब ) की खुले में बिक्री पर नियंत्रण व अंकुश होना बेहद ज़रूरी है। इसके लिये प्रदेश भर में एक अभियान चलाने के आवश्यक निर्देश जारी किये गये है। प्रदेश में किसी भी बहन-बेटी पर ऐसिड अटैक की घटनाओ की रोकथाम के लिये यह क़दम बेहद ज़रूरी, ऐसी घटनाएँ क़तई बर्दाश्त नहीं, ऐसी घटनाओं में ज़िम्मेदारी भी तय होगी। ऐसिड अटैक की घटनाएँ बर्बरता, नृशंसता की परिचायक, इन पर रोक ज़रूरी।“
वहीँ एक अन्य ट्वीट में कमलनाथ ने लिखा कि, “सिर्फ़ ऐसिड अटैक सर्वाइवर पर बनी फ़िल्म को टेक्स फ़्री करना ही काफ़ी नहीं, इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिये जागरूकता से लेकर कड़े क़दम उठाये जाने की आवश्यकता बेहद ज़रूरी, ऐसी घटना होने पर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा भी मिले। यह भी हम सुनिश्चित करेंगे।“
