भोपाल। मध्य प्रदेश में हवाओं के रुख उत्तर की तरफ बने रहने से ठंड कम होने का नाम नहीं ले रही है। प्रदेश के कई इलाकों में हुई बारिश के बाद बादलों के साफ होने से रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। सोमवार सुबह प्रदेश के कई शहर कोहरे की चादर से ढके रहे। इस दौरान विजिबिलिटी काफी कम रही है।
वहीँ रविवार को प्रदेश के 15 शहरों में तापमान 10 डिग्री या उससे कम रहा। ठंड का असर सबसे ज्यादा खरगोन जिले में देखा जा रहा है। यहाँ न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। दूसरी तरफ राजधानी भोपाल सहित इंदौर, उज्जैन, बैतूल में रविवार का दिन तीव्र शीतल रहा। रतलाम, सागर, रायसेन, विदिशा सहित प्रदेश के अन्य शहरों में भी ठंड अपना असर दिखा रही है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होगी।
बता दे कि रविवार को न्यूनतम तापमान खरगोन में 6 डिग्री, नीमच में 7 डिग्री, देवास में 7 डिग्री, धार में 7.4 डिग्री, शाजापुर में 7.5 डिग्री, मंदसौर में 8 डिग्री, रतलाम में 8 डिग्री, खंडवा में 9 डिग्री, बड़वानी में 9.2 डिग्री, झाबुआ में 9.4 डिग्री, उज्जैन और अलीराजपुर में 10 डिग्री, बुरहानपुर में 11 डिग्री दर्ज किया गया।
