भोपाल। प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है। बुधवार सुबह राजधानी भोपाल में मौसम खुशनुमा हुआ। इस दौरान सुबह हल्की बारिश भी हुई। हालाँकि बादल छाने से ठंड से ठिठुर रहे मध्य प्रदेश के लोगों को ठंड से कुछ राहत जरुर मिली है। बादल छाने से तापमान में इजाफा हुआ है। प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के ऊपर पहुँच गया है।
राजधानी भोपाल में रात और दिन के तापमान में पांच-पांच डिग्री का इजाफा हुआ। भोपाल और जबलपुर संभाग के कुछ इलाकों में बादल छाए रहे, जिससे तापमान में इजाफा हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि बुधवार को भी न्यूनतम तापमान में इजाफा होने की उम्मीद है।
मंगलवार को प्रदेश में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री उमरिया में दर्ज किया गया। इसके अलावा दतिया में 6.7 डिग्री, ग्वालियर में 6.6 डिग्री, रायसेन में 8.8 डिग्री, श्योपुर में 9.4 डिग्री, जबलपुर में 9.6 डिग्री, इंदौर में 15.2 डिग्री, भोपाल में 13.9 डिग्री, होशंगाबाद में 17.4 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हवाओं के रुख में बदलाव आने से प्रदेश में बादल छा गए है। इससे हल्की बरसात होने के आसार बढ़ गए है। अभी दो से तीन दिन मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। इसके बाद मौसम साफ़ होगा और एक बार फिर से ठंड का दौर शुरू हो जाएगा।
