इंदौर। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में अपनी सुरक्षा को लेकर बड़ा खुलासा किया है। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि एक बांग्लादेशी आतंकी पिछले डेढ़ साल से इंदौर के आजाद नगर क्षेत्र में रहकर मेरी रेकी कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के बाद यह खुलासा हुआ। इसलिए मेरे साथ छह-छह बंदूकधारी रहते हैं।
बता दे कि कैलाश विजयवर्गीय ने यह बात संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) की पैरवी करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल में रहने वाले घुसपैठियों के इंदौर में होने से जुड़ा एक घटनाक्रम भी बताया। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले मैं नंदानगर स्थित घर पहुंचा तो देखा कि बाहर कुछ मजदूर थाली भरकर पोहे खा रहे हैं। मैंने ठेकेदार से पूछा कि इन्हें खाना क्यों नहीं दिया तो उसने बताया कि यह पश्चिम बंगाल के रहने वाले है और पोहे ही खाते हैं। जब मैंने मजदूरों से बात की तो वह यह तक नहीं बता पाए कि वे पश्चिम बंगाल के किस जिले या गांव में रहते हैं। इससे साफ़ है कि पश्चिम बंगाल जैसे राज्य में वोट बैंक की राजनीति की खातिर बड़ी संख्या में घुसपैठिये रह रहे हैं और उन्हें कोई रोकने वाला नहीं है।
