बैतूल। राजगढ़ कलेक्टर के बाद एक और प्रशासनिक अधिकारी का आम लोगों के साथ अपमानजनक व्यवहार करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में एसडीएम ट्रक ड्राइवरों एवं मालिकों के साथ गाली गलौज करते हुए नजर आ रहे हैं। रेत कारोबारियों ने एसडीएम के अपमानजनक व्यवहार की शिकायत मुख्यमंत्री कमलनाथ से कर कार्यवाही की मांग की है।
प्रदेश में नियम कानून के रखवाले अफसरों द्वारा कानून को हाथ में लेने के लगातार सामने आ रहे हैं। राजगढ़ कलेक्टर निधि निवेदिता द्वारा सहायक उपनिरीक्षक को थप्पड़ मारने के बाद अब बैतूल जिले के भैंसदेही एसडीएम आरएस बघेल आपत्तिजनक वीडियो सामने आया है। वीडियो में एसडीएम बघेल रेत ट्रकों की जांच के दौरान ड्राइवरों एवं मालिकों के साथ गाली गलौज करते हुए नजर आ रहे हैं।
महाराष्ट्र के रेत कारोबारियों ने आरोप लगाया है कि भैंसदेही एसडीएम द्वारा रेत के ट्रकों की जांच की आड़ में अवैध वसूली के लिए लंबे समय से दबाव बनाया जा रहा है। सूत्रों की माने तो भैंसदेही एसडीएम द्वारा सार्वजनिक रूप से गाली गलौज कर अपमानित करने के मामले में महाराष्ट्र के रेत कारोबारियों सहित ट्रक ड्राइवर वैधानिक कार्यवाही कर रहे हैं।
दरअसल भैंसदेही एसडीएम आरएस बघेल गुदगांव चौपाटी पर पुलिस एवं राजस्व अमले के साथ रेत के ट्रकों की जांच पड़ताल कर रहे थे। इस दौरान अवैध रेत परिवहन की आशंका में एसडीएम ने 30 ट्रकों को जब्त कर भैंसदेही में खड़ा करवा दिया था। खबर है कि ट्रकों के ड्राइवरों एवं मालिकों ने रेत परिवहन की वैध अनुज्ञा होने के बाद भी वाहन को जब्त करने पर आपत्ति जाहिर की। वहीँ एसडीएम ने वैध अनुज्ञा को मानने से इंकार कर दिया तो एसडीएम व ट्रक चालकों के बीच बहस होने लगी। इस दौरान एसडीएम आरएस बघेल अपने पद की गरिमा को भूलकर पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में ट्रक ड्राइवरों एवं मालिकों के साथ गाली गलौज करने लगे।
वहीँ इस मामले को लेकर भैंसदेही एसडीएम आरएस बघेल ने बताया कि रेत के अवैध परिवहन की आशंका में 30 ट्रक जब्त कर जांच के लिए माइनिंग को केस भेज दिए हैं। जांच पड़ताल के दौरान ट्रक ड्रायवरों के साथ गाली गलौज करने के सवाल पर भैसदेही एसडीएम बघेल ने कहा कि वे लोग मेरे ऊपर चढ़ाई कर रहे थे इसलिए उन्होंने गाली गलौज की थी।
