बड़वानी। प्रशासन की चौखट पर कई बार न्याय की अर्जी लगाने के बाद भी सुनवाई नहीं होने से परेशान व्यक्ति ने इच्छा मृत्यु की मांग की है। जनसुनवाई में पहुंचे शख्स ने कहा कि मैं पिछले तीन साल से अपने बच्चे की मौत के जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहा हूँ। अगर प्रशासन मुझे इंसाफ नहीं दे सकता हैं तो फिर मुझे इच्छा मृत्यु दे दी जाए।
बड़वानी कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई में पहुंचे अंजड निवासी इस शख्स का नाम अमजद मंसूरी है। अमजद का कहना है कि 2017 में मेरे बेटे की मौत बड़वानी के रंणजीत क्लब के स्विमिंग पूल में हो गई थी। तभी से मैं लगातार रंणजीत क्लब को लेकर शिकायत कर रहा हूँ, लेकिन क्लब से जुड़े रसूखदार लोगों के चलते प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। जनसुनवाई भी मात्र दिखावा बनकर रह गई है। अगर प्रशासन मुझे न्याय नहीं दिला सकता और कार्रवाई नहीं कर सकता तो मुझे इच्छामृत्यु दे दी जाए।
