भिंड। प्रदेश के भिंड जिले में दिल दहला देने वाला हादसा हो गया है। यहाँ एक लग्जरी कार तालाब में डूब गई। इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि कुछ और युवकों के डूबने की भी आशंका जताई जा रही है। फ़िलहाल रेस्क्यू टीम द्वारा अन्य लोगों को खोजा जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर और एसपी भी मौके पर पहुंचे। अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो पा रही है कि कार में कुल कितने लोग थे।
दरअसल भिंड शहर के बीचों-बीच प्राचीन गौरी सरोवर स्थित है। सरोवर के पास में 11 वीं शताब्दी का प्रसिद्ध वन खंडेश्वर मंदिर स्थित है। महाशिवरात्रि से एक दिन पहले ही मंदिर में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। इसी दौरान रात में चार पीछे लेते समय अचानक वह गौरी सरोवर में गिर गई। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। करीब दो घंटे बाद क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया। कार में तीन युवक मृत अवस्था में थे जबकि कार के गेट खुले हुए थे। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि कार में और भी लोग मौजूद होंगे। फ़िलहाल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार में आधा दर्जन लोग सवार थे। परिजनों द्वारा भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार में और कितने लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि कार सवार युवकों के साथी कांवड़ लेकर आये थे। कार का मुख्य ड्राइवर चाबी किसी और के हाथ में सौंप कर कांवड़ चढ़ाने के लिए चला गया था। इस दौरान दूसरे व्यक्ति ने कार चलाने की कोशिश की, लेकिन पीछे लेते समय कार अनियंत्रित होकर गौरी सरोवर में गिर गई।
