बैतूल। चंद पैसों की लालच में सपेरों ने कोबरा सांप के मुंह सील दिए। सपेरों ने ऐसा इसलिए किया ताकि वह कोबरा को लोगों को हाथ में देकर ज्यादा पैसे कमा सके। वन विभाग की टीम ने ऐसे चार कोबरा और एक सैंडबोआ (दोमुहा सांप) बरामद किया है। सापों का बैतूल के जिला पशु चिकित्सालय में इलाज किया जा रहा है। वहीँ आरोपी सपेरे फ़िलहाल फरार है।
दरअसल सपेरे बैतूल में शिवरात्रि पर आयोजित मेले में सापों को लेकर पहुंचे थे। सपेरों ने दो सापों का मुंह नाइलोन के धागे से सिले हुए थे जबकि दो सापों का मुंह फेवीक्विक से चिपका रखे थे। सपेरों ने ऐसा इसलिए किया ताकि वह सांप दूसरे लोगों के हाथ में दे सके और ज्यादा से ज्यादा पैसे कमा सके। वन विभाग की टीम सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और सापों को बरामद किया। इस दौरान आरोपी सपेरे फरार हो गए।
दरअसल यह सांप एक बार खाने के बाद 3 से 5 माह तक जीवित रह सकते हैं। कहा जा रहा है कि पकड़े गए सापों का मुंह लगभग दो माह से बंद है। ऐसे में समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो उनकी मृत्यु हो सकती थी। फ़िलहाल सभी सापों का बैतूल के जिला पशु चिकित्सालय में इलाज किया जा रहा है। उनके मुंह खोल दिए गए है और सभी की हालत ठीक है। वहीँ आरोपी सपेरों के खिलाफ सांप समेत अन्य वन्य जीवों पर क्रूरता करने वालों के विरुद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत करवाई की जाएगी।
