बड़वानी। अतिवृष्टि से नुकसान झेल चुके बड़वानी जिले के अन्नदाता अब इल्लियों के प्रकोप का सामना कर रहे हैं। किसानों का दावा है कि इल्लियों के कारण फसलें पूरी तरह से चौपट हो गई है। अधिकारियों को भी इस बारे में जानकारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इस ओर ध्यान ही नहीं दिया। पहले अतिवृष्टि और अब इल्लियों के कारण अन्नदाता के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
दरअसल बड़वानी जिले के राजपुर ब्लॉक के मटली, सावरदा, उपला, सिदडी, चिखलिया आदि गांवों में इल्लियों के प्रकोप से हजारों एकड़ में लगी गेहूं की फसल बर्बाद हो गई है। इससे किसान काफी परेशान है और उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि क्या किया जाए। किसानों का दावा है कि यह पहला मौका है जब क्षेत्र में गेहूं पर इल्लियों का प्रकोप हुआ है।
किसानों ने बताया कि उन्होंने इसके बारे में कृषि विस्तार अधिकारी को भी सूचित किया था, लेकिन उन्होंने अभी तक कोई कदम नहीं उठाया है। किसानों का कहना है कि उन्होंने कर्जा लेकर फसल बोई हुई थी लेकिन अब सब कुछ चौपट हो गया है। इल्लियों के प्रकोप इतना है कि बर्बाद फसल जानवरों को भी नहीं खिला सकते हैं।
वहीँ इस मामले में राजपुर एसडीएम का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नही थी। मीडिया के माध्यम से इस मामले में जानकारी मिली है, वे जिम्मेदारों को निर्देशित कर जांच कराएंगे।
