इंदौर। नगर भोज के आयोजन के साथ ही पितरेश्वर हनुमान की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का समापन हो गया है। नगर भोज में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। शाम 5 बजे शुरू हुआ नगर भोज कार्यक्रम देर रात चलता रहा। आयोजकों का दावा है कि नगर भोज में करीब 10 लाख लोगों ने भोजन ग्रहण किया।
दरअसल भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के नेतृत्व में श्री पितरेश्वर धाम में हनुमानजी की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन के आखिरी दिन नगर भोज का आयोजन किया गया। भोज में आलू-छोले की सब्जी, पूड़ी और नुक्ति परोसी गई। नगर भोज कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। श्रद्धालुओं को बड़ा गणपति से पितृ पर्वत के बड़े हनुमान तक के सात किमी लंबे रास्ते पर बैठाकर भोजन परोसा गया। भोजन परोसने के लिए ठेले, लोडिंग, ई-रिक्शा का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान कैलाश विजयवर्गीय भी श्रद्धालुओं को भोजन परोसते हुए नजर आए।
लगभग सात किमी लंबी सड़क के एक तरफ वाहनों की आवाजाही हो रही थी जबकि दूसरी तरफ पंगत बिछी हुई थी। नगर भोज के दौरान ट्रैफिक और सफाई का विशेष ध्यान रखा गया। ट्रैफिक सँभालने के लिए एक प्राइवेट कंपनी के 500 लोगों के साथ ही धाम से जुड़े सैकड़ों भक्तों को तैनात किया गया। वहीँ सफाई के लिए नगर निगम के कर्मचारी और धाम के भक्त की मदद ली गई।
बता दे कि इतने लोगों के लिए भोजन बनाने गुजरात, रतलाम, राजस्थान, इंदौर के हलवाइयों की टीमों ने बनाया। भोजन बनाने के लिए 10 जगह भोजनशाला बनवाई गई। भोजन बनाने का काम मुख्य रूप से 10 हलवाइयों के नेतृत्व में हुआ। प्रत्येक हलवाई के पास 500 लोगों की टीम थी। वहीँ भोजन परोसने का काम 10 हजार लोगों की टीम और कार्यकर्ताओं ने किया।
