भोपाल। मध्य प्रदेश में भाजपा पर कांग्रेसी विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों के बीच प्रदेश सियासी घमासान छिड़ गया है। कांग्रेस ने भाजपा पर उसके विधायकों को बंधक बनाने का आरोप लगाया है। देर रात कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने उनके और सपा, बसपा विधायकों को गुरुग्राम के एक होटल में जबरन रोका हुआ है। हालाँकि इसके बाद दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस ने अपने 6 विधायक को होटल से बाहर निकाल लिया है। वहीँ बसपा विधायक राम बाई को भी पूरे परिवार सहित निकाल लिया गया है।
दरअसल 6 कांग्रेसी विधायकों समेत कुल 9 विधायक गुड़गांव से सटे मानेसर के आईटीसी होटल में ठहरे हुए थे। इस पर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा ने उनके विधायकों को धनबल और गुमराह करके होटल में रखा हुआ है। इसके कुछ देर बाद रात में ही भोपाल से मंत्री जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह को दिल्ली भेजा गया। दिल्ली से कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह, जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह होटल पहुंचे और छह विधायकों को वापस ले आए।
दिग्विजय सिंह का आरोप है कि, ‘मैंने पहले ही कहा था कि भाजपा ने कांग्रेसी विधायकों को 5 करोड़ पहले, 5 करोड़ राज्यसभा चुनाव के दौरान बाकि सरकार गिराने पर 5 करोड़ देने का वादा किया था। विधायकों को धोखा देकर लाया गया था। इन्होने हमारे दो मंत्रियों जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह के साथ गुंडागर्दी की है।
