भोपाल। चीन से विश्व भर में फैल रहे जानलेवा कोरोना वायरस को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी किये हैं। विभाग ने प्रदेश के सभी स्कूलों में कोरोना वायरस से बचाव के लिए सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल कोरोना वायरस को लेकर केंद्र सरकार पहले ही एडवाइज़री जारी कर चुका है। अब प्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग ने कोरोना वायरस को लेकर निर्देश जारी किये हैं। स्कूल शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव रश्मि अरुण ने सभी जिला कलेक्टरों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों के नाम निर्देश जारी किए है।
निर्देशों में लिखा है कि छीकने, खासने व टॉयलेट आदि के पश्चात एवं बीमार व्यक्ति से मिलने, खाना पकाने अथवा खाना खाने इत्यादि के पूर्व व पश्चात साबुन एवं जल से नियमित रूप से हाथ धोएं। छीकते व खासते समय नाक व मुंह को रुमाल टिश्यू या कोहनी से ढक कर रखें। खांसी, जुकाम या बुखार पीड़ित व्यक्ति से कम से कम एक मीटर की दूरी बनाए रखें। खांसी, जुकाम, बुखार या सांस लेने की तकलीफ की दशा में तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें। बुखार या सर्दी जुखाम की दशा में यात्राएं टालें।
