इंदौर। 27 मार्च से इंदौर में शुरू हो रहे आईफा अवार्ड के लिए तैयारियां जोरों पर है। वहीँ आईफा अवार्ड के लिए नामित फिल्मों की घोषणा भी कर दी गई है। इसके अलावा उन कलाकारों का भी चयन हो गया है, जो इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
आईफा अवार्ड के लिए रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की फिल्म गली बॉय को सबसे ज्यादा 14 श्रेणियों में नामांकन मिले हैं। इसके अतिरिक्त शहीद कपूर की फिल्म कबीर सिंह को 8 और आयुष्मान खुराना की फिल्म आर्टिकल 15 को 7 नॉमिनेशंस मिले हैं। आईफा अवार्ड को सलमान खान, रितेश देशमुख, मनीष पॉल और सुनील ग्रोवर मिलकर होस्ट करेंगे। आईफा अवार्ड में परफोर्म करने के लिए भी सितारों का चयन किया जा चुका है। आइफा अवॉर्ड में शाहरुख खान, रितिक रोशन, करीना कपूर खान, जैकलीन फर्नांडिस, कार्तिक आर्यन और कैटरीना कैफ परफॉर्मेंस देंगे।
बता दे कि मध्यप्रदेश में पहली बार होने वाले आईफा अवार्ड के लिए फ़िल्मी सितारों में भी ख़ासा उत्साह है। फ़िल्म अभिनेता शाहरुख़ ख़ान ने कहा है कि उन्हें हिन्दुस्तान के दिल मध्य प्रदेश में होने वाले आईफा अवार्ड में भाग लेने की ख़ुशी है। वहीँ अभिनेत्री कैटरीना कैफ भी इंदौर आने के लिए उत्साहित नजर आई। पिछले दिनों कैटरीना कैफ ने इंदौर के खाने की तारीफ़ करते हुए कहा था कि उन्हें इंदौर का खाना बहुत पसंद है और वह जब भी इंदौर में शूटिंग कर रही होती हैं तो उन्हें वहां का खाना खाने में बहुत मजा आता है।
ग्वालियर में जन्मे कार्तिक आर्यन ने भी इस बार के आईफा अवार्ड्स के लिए उत्साह के साथ कहा कि, उन्हें यह अवॉर्ड फंक्शन बहुत खास है क्योंकि यह उनके गृह राज्य मध्यप्रदेश में आयोजित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि 21वां आईफा अवार्ड 21 मार्च को भोपाल और 27 से 29 मार्च को इंदौर में होने जा रहे हैं। आईफा अवार्ड को लेकर इंदौर में प्रशासनिक स्तर पर आयोजन की तैयारियां जोरों पर है। शासन ने संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी को नोडल अधिकारी बनाया है। आकाश त्रिपाठी ने इंदौर में प्रमुख अधिकारियों की एक क्रियान्वयन समिति का गठन किया है। सभी को उनके विभागों के अनुरूप दायित्वों का आवंटन किया गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल डेली कॉलेज और उसके आसपास की आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रहीं हैं। इसके अलावा फिल्मी सितारों के होटलों से आयोजन स्थल तक पहुँचने के रुट और पार्किंग की प्लानिंग की जा चुकी है। वहीं विद्युत विभाग द्वारा निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए सभी आवश्यक इंतज़ाम किए जा रहे हैं।
