भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के विधायक संजय पाठक ने वीडियो जारी करके मुख्यमंत्री कमलनाथ से मिलने की खबरों का खंडन किया है। उन्होंने दावा किया है कि मैं मुख्यमंत्री निवास नहीं गया था। गौरतलब है कि इससे पहले खबर आ रही थी कि संजय पाठक देर रात मुख्यमंत्री से मिलने के लिए उनके निवास स्थान पर गए थे।
संजय पाठक ने वीडियो में कहा कि कल से लगातार दिखाया जा रहा है कि मैं मध्यप्रदेश के किसी वरिष्ट नेता से मिलने के लिए उनके बंगले पर गया था, वह पूरी तरह गलत है। मैं कल किसी व्यक्ति विशेष से नहीं मिला हूँ। मैं भाजपा में हूँ, भाजपा में था और भाजपा में ही रहूँगा। वीडियो में संजय पाठक ने खुद की राजनीतिक हत्या होने की भी आशंका जाहिर के है।
बता दे कि कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग के इस्तीफे के बीच खबर आई थी कि संजय पाठक देर रात मुख्यमंत्री से मिलने के लिए उनके निवास स्थान पर गए थे। साथ ही संजय पाठक के इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल होने की भी अटकले लगने लगी थी। हालाँकि अब संजय पाठक ने वीडियो जारी करके सभी आरोपों को नकार दिया है।
