भोपाल। कमलनाथ ने राजभवन पहुंचकर लालजी टंडन को मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया है। कमलनाथ ने अपने इस्तीफे में लिखा कि प्रदेश में जो हुआ वह प्रजातांत्रिक मूल्यों के अवमूल्यन का एक नया अध्याय है।
कमलनाथ के अपने इस्तीफे में लिखा कि, ‘मैंने अपने 40 वर्ष के सार्वजनिक जीवन में हमेशा से शुचिता की राजनीति की है और प्रजातांत्रिक मूल्यों को सदैव तरहीज दिया है। मध्यप्रदेश में पिछले दो हफ्ते में जो कुछ भी हुआ, वह प्रजातांत्रिक मूल्यों के अवमूल्यन का एक नया अध्याय है। मैं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री पद से अपना त्यागपत्र दे रहा हूँ। साथ ही नए बनने वाले मुख्यमंत्री को मेरी शुभकामनाएं। मध्यप्रदेश के विकास में उन्हें मेरा सहयोग सदैव रहेगा।‘
इससे पहले मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए इस्तीफा देने की घोषणा की। कमलनाथ ने प्रेस कांफ्रेंस में अपनी 15 महीने की सरकार के कामकाज गिनाए और भाजपा की आलोचना की।

