जबलपुर। जबलपुर में सामने आए कोरोना वायरस पॉजिटिव युवक ने आइसोलेशन वार्ड से वीडियो जारी किया है। वीडियो में युवक ने लोगों से संतुलित भोजन करने, घर पर रहने, भरपूर नींद लेने और आराम करने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से सरकार के आदेशों का पालन करने की भी अपील की है।
गौरतलब है कि जर्मनी से जबलपुर लौटे उपनिषद शर्मा की जांच में कोरोना के लक्षण मिले थे। फ़िलहाल उपनिषद शर्मा जबलपुर मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती है। उन्होंने आइसोलेशन वार्ड से ही एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में उपनिषद शर्मा कह रहे हैं कि, मैं 20 तारीख को कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया था और तब से ही मैं जबलपुर मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हूँ। मैं 16 तारीख को भारत आया था और उसके बाद से ही 19 तारीख तक मैंने सरकार के निर्देश पर खुद को घर में अलग रखा। इसके बाद तबियत ख़राब होने पर मुझे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां मुझे कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया।
इसके बाद से मैं आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हूँ। यहां सारी सुविधाएँ अच्छी हैं। डॉक्टर भी सभी अच्छे हैं। आपको कोरोना वायरस से डरने की कोई जरुरत नहीं हैं, क्यों कि ज्यादा से ज्यादा लोग ठीक हो जाते हैं। बस आपको बुखार और सर्दी-खांसी रहेगी। दवाई लेने से आप ठीक हो जाएंगे। लेकिन अगर आप कहीं बाहर से आए हैं तो अपने घर वालों से दूरी बनाकर रखे। अलग कमरे में रहे। अच्छा खाना खाए। छींकते समय मुंह ढके। आराम करे, बाहर न घूमे और सरकार के आदेशों का पालन करें।
