शाजापुर। लॉकडाउन के कारण अपने घरों की तरफ लौट रहे करीब 150 लोगों को शाजापुर नगर पालिका की तरफ से भोजन उपलब्ध कराया गया। यह लोग झाबुआ, धार, खरगोन की तरफ पैदल लौट रहे थे।
दरअसल कोरोना वायरस के कारण पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। काम बंद होने के कारण दूसरी जगहों पर काम करने के लिए गए मजदूर वापस अपने घरों की तरफ लौट रहे हैं। परिवहन के साधन नहीं होने के कारण लोग पैदल ही अपने घरों की तरफ जा रहे हैं। ऐसे ही करीब 150 लोग राजस्थान और उत्तर प्रदेश की सीमा से पैदल चलकर शाजापुर पहुंचे।
शाजापुर नगर पालिका सीएमओ भूपेंद्र कुमार दीक्षित ने बताया कि, ‘इन लोगों को दो टाइम का भोजन उपलब्ध कराया गया है। यह सभी लोग झाबुआ, धार, खरगोन जा रहे हैं।‘
दरअसल यह लोग सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा कर अपने घरों की तरफ पहुंच रहे हैं। ऐसे लोगों के सामने खाने की बड़ी समस्या हैं। कई किलोमीटर चलकर शाजापुर पहुंचे इन लोगों के सामने जब खाना आया तो कई लोगों की आखों से आंसू छलक गए।
