इंदौर। इंदौर में कोरोना वायरस से तीसरी मौत हो गई है। सोमवार देर रात इंदौर के एमआरटीबी अस्पताल में 49 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इससे पहले सोमवार सुबह भी इंदौर में कोरोना वायरस से एक 41 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 49 वर्षीय महिला का नाम जरीन बी है और वह इंदौर के 71, धार रोड, डी सेक्टर, चन्दन नगर की निवासी है। महिला को 22 मार्च को इंदौर के अरिहंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 23 मार्च को महिला के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। वहीँ 29 मार्च को महिला को एमआरटीबी अस्पताल में शिफ्ट किया गया था।
मेडिकल कॉलेज डीन ने बताया कि, अस्पताल में भर्ती 24 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से 18 की स्थिति पहले से बेहतर है। 46 में से 33 नेगेटिव आए हैं। 13 सैंपलों को फिर से जांच होगी।
वहीँ इससे पहले इंदौर में कोरोना वायरस पॉजिटिव व्यक्तियों की संख्या में तेजी से हो रहे इजाफे को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग की 15 टीमों का गठन किया गया। यह 15 टीमें कोरोना संदिग्ध संक्रमित मरीजों की जांच करेगी। इससे अगले 24 घटों में क्वॉरेंटाइन किए गए कोरोना के संदिग्ध मरीजों की जांच में तेजी आएगी और जल्द नतीजे आएंगे।
