इंदौर। इंदौर के टाट पट्टी बाखल एरिया में स्वास्थ्यकर्मियों पर हुई पथराव की शर्मनाक घटना को लेकर पुलिस ने मुख्य दोषी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इंदौर डीआईजी हरिनारायण चारी मिश्र ने बताया कि घटना के वीडियो फ़ुटेज के माध्यम से आरोपियों की पहचान कर ली गई है। इनके ख़िलाफ़ शासकीय कार्य में बाधा सहित इंडियन पैनल कोड की धारा 186 , 188 और 353 के तहत FIR दर्ज की गई है।
हरिनारायण चारी मिश्र ने कहा कि चार आरोपियों की गिरफ्तारी के अलावा अन्य दस दोषियों पर भी कार्यवाही की जा रही है। इंदौर में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध है। साथ ही सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। आज़ाद नगर क्षेत्र में एक वॉट्सऐप ग्रुप एडमिन पर अफ़वाह फैलाने का मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि बुधवार को इंदौर के टाटपट्टी बाखल एरिया में कोरोना वायरस की जांच के लिए गई डॉक्टरों की टीम पर रहवासियों ने पथराव किया। इस घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। वहीँ इस घटना को लेकर डॉक्टर और उनकी टीम ने चेतावनी दी है कि हम ऐसे हालात में काम नही कर पाएंगे।
