राजगढ़। राजगढ़ जिले के एक गरीब परिवार की बीमार बुजुर्ग महिला ने कोरोना से जंग जीतने के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष में 5551 रुपए दान किए हैं। बीपीएल कार्ड धारक बुजुर्ग महिला ने थाना प्रभारी को घर बुलाकर 5551 रुपए सौंपे। साथ ही महिला ने पुलिस को मास्क बनाने के लिए कपड़ा भी दिया है।
दरअसल सरकार कोरोना वायरस से निपटने के लिए लगातार काम कर रही है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के लोगों से संकट की इस घड़ी में आर्थिक मदद की अपील की है। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर रहे है। राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में रहने वाली 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला सुशीला बाई साहू ने भी कोरोना पीड़ित लोगों की सहायता के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष में 5551 रुपए दान किए हैं। साथ ही पुलिसकर्मियों के मास्क बनाने के लिए कपड़ा दान दिया।
बता दे कि सुशीला बाई साहू लकवे से पीड़ित है। वह बीपीएल राशन कार्ड धारक परिवार की सदस्य है। संकट की इस घड़ी में सरकार बीपीएल राशन कार्ड धारक परिवारों की मदद कर रही है। वहीँ सुशीला बाई ने पाई-पाई जोड़कर इकट्ठा की गई राशि को प्रधानमंत्री राहत कोष में दान दे दिया।
वृद्ध सुशीला बाई लकवे से पीड़ित होने के कारण बोलने में असमर्थ है और सपोर्ट स्टैंड के सहारे के साथ चलने को मजबूर है। ऐसे में उन्होंने खिलचीपुर थाना प्रभारी वीरेंद्र धाकड़ को अपने घर बुलाया और उन्हें प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा करने के लिए 5551 रुपए सौंपे। साथ ही आम नागरिकों को सुरक्षित रखने वाली पुलिस के लिए मास्क बनाने के लिए कपड़ा भी दान दिया।
सुशीला बाई आज समाज के सामने एक मिसाल बन गई है। देश और समाज के प्रति उनके जज्बे को देखकर हर कोई उन्हें सलाम कर रहा है। गरीब होने के बाद भी अपने जीवन भर की जमा पूंजी उन्होंने कोरोना वायरस से लड़ने के लिए सरकार को दे दी।
