भोपाल। मध्यप्रदेश में 15 अप्रैल से रबी की फसलों की खरीदी शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस संबंध में आदेश जारी किए है। साथ ही सरकार ने ऐसी व्यवस्था करने के लिए कहा है, जिससे 31 मई तक खरीदी कार्य समाप्त किया जा सके।
दरअसल कोरोना वायरस के कारण देशभर में 14 अप्रैल तक के लिए लॉकडाउन लागू किया गया है। ऐसे में प्रदेश सरकार ने 15 अप्रैल से रबी की फसलों की खरीदी शुरू करने का आदेश जारी किया है। साथ ही खरीदी कार्य 31 मई तक समाप्त करने के लिए कहा है। कम समय मिलने के कारण ऐसी व्यवस्था की जाएगी, जिससे में आसानी से गेहूं, चना, सरसों और मसूर की फसलें समर्थन मूल्य पर खरीदी जा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संकट के चलते इंदौर, भोपाल, उज्जैन के शहरी केंद्रों पर 15 अप्रैल से उपार्जन प्रारंभ नहीं हो पाएगा। हालांकि उन्होंने अधिक से अधिक खरीदी केंद्र खोले जाने की बात कही है। इसके लिए अन्य विभागों के अमले की मदद भी ली जाएगी।
