कटनी। कटनी के रक्षा संस्थान आयुध निर्माणी ने पैर से चलने वाली हाथ धोने की मशीन बनाई है। इस मशीन की खासियत यह है कि कोई व्यक्ति इसे बिना हाथ लगाए ही पैर से पैडल दबाकर अपने हाथ धो सकता है। इससे संक्रमण फैसले की संभावना कम हो जाती है। इस मशीन के फायदे को देखते हुए जिला अस्पताल कटनी में इसे लगाया गया है। साथ ही कलेक्टर के अनुरोध पर कलेक्टर कार्यालय में भी यह मशीन लगाई जाएगी।
दरअसल जब हाथ धोने के लिए कई व्यक्ति नल और लिक्विड सोप को छूते हैं तो इससे संक्रमण फैलने की संभावना बढ़ जाती है। इसको देखते हुए आयुध निर्माणी कटनी ने पैर से चलने वाली हैंडवॉश मशीन बनाई। मशीन में दो तरह के पैडल लगाए गए हैं। एक पैडल पर पैर रखने से लिक्विड सोप निकलता है जबकि दूसरे पैडल पर पैर रखने से पानी निकलता हैं। इस तरह इस मशीन की मदद से नल और लिक्विड सोप को बिना छुए ही अपने हाथों को धोया जा सकता है। इससे संक्रमण फैलने की संभावना कम हो जाती है। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर यह मशीन कारगार साबित हो सकती है।
इस मशीन को कर्मचारियों के इस्तेमाल के लिए फैक्ट्री के मुख्य गेट पर लगाया गया है। मशीन को बनाने में करीब 9 हजार रुपए का खर्च आया है। इसके फायदों को देखते हुए एक मशीन जिला अस्पताल कटनी में भी लगाई गई है। वहीँ कलेक्टर के अनुरोध पर मशीन को कलेक्टर कार्यालय में भी लगाया जाएगा।
