भोपाल। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों और मौतों को लेकर चिंता जताई है। साथ ही इंदौर- भोपाल में टेस्टिंग किट की कमी की खबरों को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। कमलनाथ ने सरकार से टेस्टिंग बढ़ाने की मांग की है।
कमलनाथ ने ट्विटर पर लिखा है कि, ‘प्रदेश के कई ज़िले कोरोना महामारी के इस दौर में देश के रेड ज़ोन में होकर हॉट स्पॉट बने हुए है। इंदौर- भोपाल में बढ़ती मरीज़ों की संख्या और हो रही मौतें बेहद चिंताजनक है। ऐसे में इंदौर-भोपाल में टेस्टिंग किट ख़त्म होने की ख़बर बेहद चिंताजनक व चौकने वाली है। कई क्वारेंटाइन है, ऐसे संकट के दौर में टेस्टिंग किट की कमी बेहद चिंताजनक है। सरकार व ज़िम्मेदार क्या कर रहे है? टेस्टिंग किट की कमी की जानकारी होने पर भी समय पर कदम क्यों नहीं उठाये गये? उसकी आपूर्ति क्यों सुनिश्चित नहीं की गयी?’
अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि, ‘मै पूर्व से ही सरकार से यह माँग कर रहा हूँ कि टेस्टिंग संख्या बढ़ायी जावे,सैम्पलो की पेंडेसी बढ़ती जा रही है लेकिन किट की कमी से यह कैसे संभव होगी? सरकार तत्काल आवश्यक कदम उठाये। यह समय ठोस कार्ययोजना बनाने का है,ज़मीनी काम करने का है,तभी हम मुश्किल के इस दौर से निकल पायेंगे।‘
