झाबुआ। मध्यप्रदेश के झाबुआ में एक तांत्रिक ने अंधविश्वास में आकर चार माह के बच्चे को लोहे की गर्म रॉड से दाग दिया। इससे बच्चे की हालात ख़राब हो गई। जिसके बाद माता-पिता बच्चे को लेकर एक निजी डॉक्टर के पास पहुंचे। फ़िलहाल बच्चे का इलाज किया जा रहा है और वह अब ठीक है।
दरअसल बच्चे को सर्दी-जुखाम और बुखार हो रहा था। ऐसे में माता-पिता अंधविश्वास के चलते बच्चे को डॉक्टर के पास ले जाने की बजाय झाबुआ जिले के सेमलिया बड़ा गांव में एक तांत्रिक के पास लेकर पहुंचे। तांत्रिक ने बच्चे का इलाज करने के नाम पर उसके सीने पर गर्म सरियों से दाग दिया। तांत्रिक ने इसके लिए बच्चे के माता-पिता से 200 रुपए भी लिए।
इसके बाद भी जब बच्चा ठीक नहीं हुआ तो माता-पिता बच्चे को लेकर पिटोल में एक निजी डॉक्टर के पास पहुंचे। बच्चे की हालत देखा डॉक्टर ने उसके परिवार वालों को जमकर डांट लगाई और बच्चे का इलाज शुरू किया। बच्चे को सामान्य सर्दी के कारण सांस लेने में दिक्कत थी, लेकिन उपचार के बाद वह ठीक हो गया है। हालाँकि सीने पर दागी गई गर्म सलाखों का दर्द बार-बार उठने से चीख पड़ता है। डॉक्टर भी बच्चे के शरीर पर निशान देखकर हैरान है कि उसने यह सब कैसे सहा होगा।
