भोपाल। अब अगर भोपाल रेलवे स्टेशन पर कोई व्यक्ति बिना मास्क लगाए प्रवेश करेगा तो अलार्म बज उठेगा। इससे वहां मौजूद जवान उसे पकड़कर स्टेशन से बाहर कर देंगे। साथ ही अब रेलवे स्टेशन पर आने वाले सभी व्यक्तियों की स्वतः ही थर्मल स्क्रीनिंग हो जाएगी। इसके लिए किसी कर्मचारी को तैनात नहीं करना पड़ेगा।
दरअसल कोरोना से लड़ने के लिए भोपाल रेल मंडल आधुनिक संसाधानों का उपयोग कर रहा है। इसके तहत भोपाल रेल मंडल ने भोपाल रेलवे स्टेशन पर आधुनिक कैमरे लगा दिए हैं। यह कैमरे स्टेशन के अंदर प्रवेश वाले एक निश्चित स्थान पर लगाए गए हैं। इस कैमरे के सामने से अगर कोई व्यक्ति बिना मास्क लगाए गुजरता हैं तो यह अलार्म बज उठेगा। इसके बाद वहां मौजूद जवान उसे पकड़कर स्टेशन से बाहर कर देंगे।
इसके अलावा स्टेशन पर लगाए गए कॉन्टेक्ट लेंस थर्मल इमेजिन कैमरे से थर्मल स्क्रीनिंग भी स्वतः हो जाएगी। यह कैमरे अपने सामने से गुजरने वाले व्यक्तियों के तपमान की जाँच करेंगे। अगर व्यक्ति का तापमान बढ़ा हुआ मिला तो प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। साथ लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग करने के लिए लिए किसी कर्मचारी को तैनात नहीं करना पड़ेगा। इससे कर्मचारी को कोरोना का खतरा भी नहीं होगा। रेलवे आगे भी मंडल के स्टेशनों पर इस तरह के कैमरों की संख्या बढ़ाने पर विचार कर रहा है।
