गुना। मध्यप्रदेश के गुना में एक शादी समारोह में खाना खाने से 100 लोग बीमार पड़ गए। आनन-फानन में सभी लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई हैं। वहीं मामला सामने आने के बाद पुलिस ने दूल्हे के पिता और हलवाई के खिलाफ केस दर्ज किया है।
दरअसल मामला गुना शहर की श्रीराम कॉलोनी निवासी दुर्गादास कबीरपंथी के बेटे दीपक की शादी का है। शादी से एक दिन पहले दुल्हे के पिता ने करीब 300 लोगों को भोजन कराया था। भोजन करने के बाद करीब 100 लोगों की तबीयत ख़राब हो गई। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ से उन्हें छुट्टी दे दी गई है।
वहीं इस मामले में कोरोना गाइड लाइन का उल्लंघन करने पर गुना कलेक्टर के आदेश के बाद सिटी कोतवाली में दूल्हे के पिता दुर्गा प्रसाद और हलवाई मीनू प्रजापति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कलेक्टर ने बताया है कि शादी में वर और वधु पक्ष की ओर से 50 लोगों को शादी में शामिल होने की अनुमति दी गई थी। लेकिन शादी में 300 लोग शामिल हुए। यह गंभीर मामला है। इसको लेकर सिटी कोतवाली थाने में मामला दर्ज करा दिया गया है।
