धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में एक महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया। हालांकि तीन में से दो बच्चों की जन्म के कुछ समय बाद ही मौत हो गई, वहीं एक बच्चे की हालत गंभीर है। उसका धार के जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। महिला की हालत फ़िलहाल ठीक है।
दरअसल धार जिले के भानगढ़ गाँव में रहने वाली महिला कालीपति को प्रसव पीड़ा के बाद सरदारपुर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। महिला ने सामान्य प्रसव के जरिए तीन बच्चों को जन्म दिया। तीनों लड़के थे। जन्म से ही तीनों बच्चों का वजन काफी कम था। ऐसे में मां और तीनों बच्चों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि रास्ते में ही दो बच्चों की मौत हो गई थी।
जिला अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि रात में तीन नवजात बच्चों को लाया गया था। इनमें से 2 बच्चे मृत अवस्था में थे जबकि एक बच्चा गंभीर हालत में था। उसका जिला अस्पताल के एसएनसीयू में इलाज किया जा रहा है। बच्चे का वजन काफी कम है।
