शिवपुरी। शिवपुरी में कोरोना वायरस का एक और पॉजिटिव मामला सामने आया है। शिवपुरी के खनियांधाना क्षेत्र में रहने वाले युवक समीर अली की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। युवक को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। इसी के साथ शिवपुरी में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या दो हो गई है।
शिवपुरी जिले के सीएमएचओ डॉ एएल शर्मा ने बताया कि पॉजिटिव निकला युवक कुछ दिनों पहले हैदराबाद से लौट कर आया था और उसे सर्दी खांसी और बुखार की शिकायत थी। उसके सैंपल भेजने के बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। युवक को शिवपुरी जिला मुख्यालय पर जिला अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। खनियाधाना क्षेत्र के जिस मकान में यह युवक रहता था उसके घर के बाहर नोटिस बोर्ड चस्पा कर दिया गया है और परिवार के अन्य सदस्यों को भी कॉरनटाईन में रहने की निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि इससे पहले शिवपुरी में एक और मरीज दीपक शर्मा कोरोना पॉजिटिव पाया गया था।
