भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा और पवई से बर्खास्त विधायक प्रह्लाद लोधी ने बुधवार दोपहर को राज्यपाल से मुलाकात की. मुलाकात में उन्होंने प्रह्लाद लोधी की विधानसभा सदस्यता बहाल करने की मांग की है.
राज्यपाल से मुलाकात के बाद शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि, “विधानसभा अध्यक्ष केवल दल-बदल के मामले में विधायक को अयोग्य घोषित करने के संबंध में फैसला ले सकते हैं। सज़ा के मामले में चुनाव आयोग की सलाह पर महामहिम राज्यपाल महोदय ही फैसला लेते हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने जो निर्णय लिया वह पूर्णतः असंवैधानिक है।“
वहीँ राकेश सिंह ने कहा है कि, “राज्यपाल के अधिकार का अतिक्रमण करके विधानसभा अध्यक्ष ने पवई विधायक प्रह्लाद लोधी जी सीट रिक्त करने की सूचना निर्वाचन आयोग के पास भेज दी और हाई कोर्ट के आदेश के बाद सुधारने की बजाय प्रदेश सरकार राजनीती कर रही है।“
दरअसल भोपाल की स्पेशल कोर्ट ने तहसीलदार से मारपीट के मामले में प्रह्लाद लोधी को दो साल की सज़ा सुनायी थी। जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता बर्खास्त कर दी गई थी। इसके बाद जबलपुर हाईकोर्ट ने प्रहलाद लोधी को फौरी तौर पर राहत देते हुए उनकी सजा पर रोक लगा दी है।
