आगर। मध्य प्रदेश के आगर से भाजपा विधायक मनोहर ऊंटवाल का निधन हो गया है। मनोहर ऊंटवाल लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मनोहर ऊंटवाल को 13 जनवरी को ब्रेन हेमरेज हुआ था। जिसके बाद से इंदौर के मेदांता हॉस्पिटल इलाज चल रहा था।
मनोहर ऊंटवाल साल 2013 और साल 2018 में हुए विधानसभा चुनावों में आगर से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। मनोहर ऊंटवाल के निधन से प्रदेश भाजपा में शौक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने ट्वीट कर मनोहर ऊंटवाल के निधन पर शोक जाहिर किया है।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने लिखा कि, “प्रदेश के आगर के विधायक मनोहर उंटवाल के दुःखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ। वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनो को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।“
वहीँ पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा कि, “मनोहर ऊंटवाल मेरे व्यक्तिगत मित्र थे, भाई थे, निकट सहयोगी थे। भाजपा ने अपने प्रिय कार्यकर्ता को खोया है और मैंने अपने व्यक्तिगत मित्र को। भगवान उनके परिवार को यह असह्य वेदना सहने की शक्ति दे। बड़े गौर से सुन रहा था ज़माना, तुम ही सो गए दास्ताँ कहते, कहते।“
