देवास। लॉकडाउन के कारण एक बीएसएफ जवान अपनी बहन की शादी में शामिल नहीं हो सका तो उसने भाई की कमी पूरी करने के लिए पुलिस से मदद मांगी। पुलिसकर्मियों ने भी बीएसएफ जवान का आग्रह स्वीकार करते हुए उसकी बहन की शादी में शामिल हुए और वर-वधु को आशीर्वाद दिया।
दरअसल मध्यप्रदेश के देवास जिले के आवास नगर निवासी प्रमोद तिवारी की बेटी प्रियंका का विवाह अलकापुरी विजय नगर में रहने वाले अमृत कुमार जोशी से तय हुआ था। प्रियंका का भाई प्रशांत कुमार तिवारी बीकानेर में बीएसएफ में पदस्थ है। लॉकडाउन के कारण प्रशांत का अपनी बहन की शादी में आना संभव नहीं हो पाया।
ऐसे में प्रशांत ने बीएनपी थाना टीआई तारेश कुमार सोनी से बहन की शादी में शामिल होकर भाई का फर्ज निभाने का आग्रह किया। इस पर टीआई सोनी ने बीएसएफ जवान का आग्रह स्वीकार करते हुए अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के प्रियंका की शादी में पहुंचे। उन्होंने भाई का फर्ज निभाते हुए वर-वधु को आशीर्वाद दिया। शादी में शामिल होने पर दुल्हन प्रियंका तिवारी, पिता प्रमोद तिवारी, माता पुष्पा तिवारी और दूल्हा अमृत कुमार जोशी ने पुलिस को धन्यवाद दिया।
