भोपाल। मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार के मंत्रिमंडल का जल्द ही विस्तार होने वाला है। बुधवार को इस संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और संगठन मंत्री सुहास भगत से चर्चा की। इस दौरान गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी मौजूद थे।
मंत्रीमंडल के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द कर लिया जाएगा। हमने मंत्रिमंडल विस्तार की पूरी तैयारी कर ली है। इस संबंध में जल्द ही केन्द्रीय नेतृत्व से चर्चा की जाएगी। उनका निर्देश मिलते ही नए मंत्रियों को शपथ दिलवाई जाएगी।
मुख्यमंत्री शिवराज के बयान के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि अगले सप्ताह प्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। हालांकि राज्यपाल लालजी टंडन की तबियत ख़राब होने के कारण कार्यवाहक राज्यपाल बनाकर मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके को मध्यप्रदेश का प्रभार दिया जा सकता है।
