मंदसौर। गियर वाली साइकिल लाने के लिए रखे हुए पैसों को कोरोना पीड़ित राहत कोष में जमा करने वाले अनुकूल पिता आशीष कुमार जैन को कलेक्टर ने मनचाही गियर वाली साइकिल गिफ्ट की है। गियर वाली साइकिल मिलने पर अनुकूल ख़ुशी से भर गया और इसके लिए कलेक्टर को धन्यवाद भी दिया।
दरअसल कोरोना महामारी से लड़ने में धन की कमी न हो, इसलिए बड़ी संख्या में लोग राहत कोष में दान दे रहे हैं। मंदसौर की लेबर कॉलोनी में रहने वाले अनुकूल पिता आशीष कुमार जैन ने भी अपनी गुल्लक में रखे 2500 रुपए कोरोना पीड़ित राहत कोष में जमा किए थे। अनुकूल ने यह पैसे गियर वाली साइकिल लेने के लिए बचाकर रखे हुए थे।
कलेक्टर मनोज पुष्प ने बच्चे के समाज के प्रति समर्पण की भावना को देखते हुए उसे गियर वाली साइकिल गिफ्ट करने का निर्णय लिया। कलेक्टर के प्रतिनिधि के रूप में तहसीलदार नारायण नांदेड़ ने बच्चे को साइकिल सौंपी। इस पर अनुकूल ने कलेक्टर को धन्यवाद दिया।
