मंदसौर। मध्यप्रदेश में सियासी उठापटक के बीच मंदसौर जिले से कांग्रेस के एकमात्र विधायक हरदीप सिंह डंग से दो दिनों से सम्पर्क नहीं हो पा रहा है। विधायक के परिजनों और कार्यकर्ताओं को भी पता नहीं है कि हरदीप सिंह डंग कहा है। वहीं दिग्विजय सिंह की माने तो भाजपा ने हरदीप सिंह डंग सहित चार विधायकों को अज्ञात जगह पर रखा हुआ है।
दरअसल हरदीप सिंह डंग मंदसौर जिले के सुवासरा से कांग्रेस के विधायक है। पिछले दो दिनों से परिजन और कार्यकर्ता उनसे सम्पर्क नहीं कर पा रहे हैं। हरदीप सिंह डंग की माता भी उनसे सम्पर्क नहीं होने की बात कह रही है। उनकी माता का कहना है कि घर में राजनीति को लेकर कोई बात नहीं होती है। हालाँकि उन्होंने माना कि टीवी पर चल रही खबरों के बाद उन्हें अपने बेटे की चिंता जरूर हो रही है।
बता दे कि दिग्विजय सिंह आरोप लगाया था कि भाजपा ने उनके 10 विधायकों को होटल में बंधक बनाकर रखा हुआ था। इनमे से 6 विधायक वापस आ गए हैं जबकि 4 विधायकों को भाजपा ने अज्ञात स्थान पर भेज दिया है। इन चार विधायकों में हरदीप सिंह डंग के अलावा रघुराज कंसाना, बिसाहूलाल सिंह और निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह नाम शामिल है।
