भोपाल। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह द्वारा अपने बड़े भाई और मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को लेकर की गई एक टिप्पणी प्रदेश की सियासत में चर्चा का केंद्र बन गई है। उन्होंने अपने भाई दिग्विजय से कहा कि, ‘आपको राजनीति की चकाचौंध में कहीं हमने खो दिया था, लौट आइये जहां से हमने राजनीति शुरू की थी। नहीं तो दुष्ट आपको निचोड़ते जाएंगे।‘ ऐसे में सवाल उठ रहा है कि लक्ष्मण सिंह जी कहे अनुसार कांग्रेस में दुष्ट कौन है????
दरअसल दिग्विजय ने ट्विटर पर आंध्रप्रदेश की एक तस्वीर ट्विटर पर पोस्ट की। तस्वीर में एक मजदूर करनूल से अपनी दो बेटियों को तगाड़ी से बनाई गई कावड़ में बैठाकर 1200 किलोमीटर तक पैदल ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। दिग्विजय ने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा ‘बेटी बचाओ’
लक्ष्मण सिंह ने दिग्विजय की इसी पोस्ट पर लिखा कि, ‘आप मजदूरों की समस्याओं की तरफ फिर आ रहे हैं, सुनकर अच्छा लगा, आपको राजनीति की चकाचौंध में कहीं हमने खो दिया था, लौट आइये जहां से हमने राजनीति शुरू की थी। नहीं तो दुष्ट आपको निचोड़ते जाएंगे।‘ उनके ट्वीट को लेकर चर्चाओं का माहौल गरम है।
