भोपाल। भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को आंतरिक सुरक्षा समिति में शामिल करने पर कांग्रेस हमलावर हो गई है। कांग्रेस नेता इस मामले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस ने भी आंतरिक सुरक्षा समिति में प्रज्ञा सिंह को शामिल करने पर भी सवाल उठाए है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने प्रज्ञा सिंह ठाकुर को महिला आतंकवादी कहते हुए आंतरिक सुरक्षा समिति में उन्हें लिए जाने पर आपत्ति जाहिर की है।
केके मिश्रा ने अपने बयान में कहा कि, “इसे देश का दुर्भाग्य ही कहा जाएगा कि जिस सरकार के जिम्मे देश की आंतरिक सुरक्षा है। उस आंतरिक सुरक्षा समिति जिसके अध्यक्ष माननीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह है। उसमें सांसद के नाते एक महिला आतंकवादी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को शामिल किया गया है। इससे ज्यादा शर्मनाक हादसा कोई और क्या हो सकता है कि एक आतंकवादी आंतरिक सुरक्षा समिति में शामिल हो। अब भगवान राम भी इस देश की रक्षा नहीं के पाएँगे।”
