भोपाल। राजधानी भोपाल में पुलिस आरक्षक मधुसूदन राठौर जहांगीराबाद स्थित पुलिस मुख्यालय के सामने ध्यान लगाकर धरने पर बैठ गया। आरक्षक पुलिस व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहा है। इसके लिए आरक्षक सड़क किनारे फुटपाथ पर एक हाथ में माला लेकर ध्यान लगाए बैठा है।
दरअसल मधुसूदन राठौर ने इससे पहले एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो में मधुसूदन राठौर ने कहा है कि, ‘मप्र के पुलिसकर्मियों की समस्याएं बहुत हैं। आखिर कब तक पुलिसवाले परेशान होंगे। कब तक होगा ऐसा। जिन्हें संज्ञान लेना चाहिए, वह लेते नहीं हैं। उन्हें संज्ञान लेना चाहिए। हम पुलिसकर्मी ना तो धरना दे सकते हैं और ना ही प्रदर्शन कर सकते हैं। अपनी समस्या बताते हैं तो बर्खास्त तक कर दिया जाता है। आखिर ऐसा कब तक चलेगा। हमारा संज्ञान तो लेना ही पड़ेगा। मैं मधुसूदन आज पीएचक्यू के सामने अध्यात्म के रास्ते पर चलकर अपनी बात रख रहा हूं। मैं किसी के खिलाफ नहीं हूं। लेकिन जब तक जिम्मेदार इसका संज्ञान नहीं लेते हैं, मैं अन्न और जल ग्रहण नहीं करूंगा। शायद जिन्हें संज्ञान लेना चाहिए। भगवान उन्हें सद्बुद्धि दे। संज्ञान में उनके आए कि पुलिसकर्मी परेशान हैं। वाकई में हम बहुत परेशान हैं। जय श्री महाकाल। जय श्री महाकाल।‘
